kotha
post authorAdmin 28 Apr 2026

ऋषिकेश में गोमाता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग तेज, पदयात्रा निकाल सौंपा ज्ञापन.

ऋषिकेश में गोमाता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर गोभक्तों ने एकजुट होकर पदयात्रा रैली निकाली। यह पदयात्रा नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र के भागीरथी आश्रम से शुरू होकर लक्ष्मणझूला स्थित जिलाधिकारी कैंप कार्यालय तक निकाली गई।

सोमवार को बड़ी संख्या में गोभक्त भागीरथी आश्रम के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए। यहां से उन्होंने करीब एक से डेढ़ किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए रैली निकाली। इस दौरान गोभक्तों ने हस्ताक्षर अभियान भी चलाया और प्रदेश व केंद्र सरकार से गोमाता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग उठाई।

रैली के समापन पर गोभक्तों ने यमकेश्वर तहसीलदार वैभव जोशी के माध्यम से राज्यपाल गुरमीत सिंह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन प्रेषित किया।

ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय देशी गोवंश हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। गोभक्तों का मानना है कि जब तक गोमाता सुरक्षित नहीं है, तब तक भारतीय संस्कृति की पूर्णता अधूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार देश में काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक के माध्यम से आध्यात्मिक धरोहर को पुनर्जीवित किया गया है, उसी प्रकार गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान देकर सांस्कृतिक पुनरुत्थान को और सशक्त किया जा सकता है।

इस पदयात्रा में अखिल ब्रह्मांडनायक स्वामी कमलेशानंद गिरि महाराज, स्वामी दशरानंद महाराज, राजेंद्र दास, स्वामी अशोक आनंद, स्वामी माधवानंद, स्वामी तीर्थानंद, स्वामी विशालआनंद सहित कई संत और श्रद्धालु शामिल रहे।