kotha
post authorAdmin 28 Apr 2026

उत्तराखंड में 1 मई से बदलेगी स्कूलों की टाइमिंग, भीषण गर्मी के चलते लिया गया बड़ा फैसला.

उत्तराखंड में बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की टाइमिंग में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। शिक्षा विभाग की ओर से प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और जल्द ही नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी, अर्द्ध-सरकारी और निजी स्कूलों की समय-सारिणी 1 मई से बदल दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे, जबकि वर्तमान में स्कूल सुबह 7:45 बजे से दोपहर 2:05 बजे तक चल रहे हैं।
शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने श्रीनगर में कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए पूरे राज्य में एक समान समय लागू करने का निर्णय लिया गया है। इससे खासतौर पर स्कूली बच्चों को राहत मिलेगी।
प्रदेश में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और मैदानी इलाकों में लू जैसे हालात बन गए हैं। राजधानी देहरादून में तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि रुड़की में यह 38 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने भी स्थिति को गंभीर मानते हुए अलर्ट जारी किया है। दून अस्पताल में हीटवेव से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष वार्ड तैयार किया गया है, जहां आठ बेड आरक्षित किए गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी का असर अब स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। अस्पतालों में पेट, त्वचा और आंखों से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में अभी गर्मी का असर कम है, लेकिन शासन स्तर से आदेश जारी होने के बाद वहां भी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया जाएगा।
मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में तापमान में लगभग चार डिग्री तक गिरावट की संभावना जताई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।