kotha
post authorAdmin 28 Apr 2026

भारत-न्यूजीलैंड एफटीए पर हस्ताक्षर: पीएम नरेंद्र मोदी ने बताया ऐतिहासिक, विकास के खुलेंगे नए रास्ते.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर हो गए हैं, जिसे दोनों देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  ने इस समझौते पर खुशी जताते हुए इसे भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी के लिए एक नया अध्याय बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री  क्रिस्टोफर लक्सन के संदेश को साझा करते हुए कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच गहरे भरोसे, साझा मूल्यों और महत्वाकांक्षाओं का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह एफटीए भारत के किसानों, युवाओं, महिलाओं, एमएसएमई, कारीगरों, स्टार्टअप्स, छात्रों और नवाचार क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेगा। इससे व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि न्यूजीलैंड द्वारा 20 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता कृषि, विनिर्माण, नवाचार और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगी। इससे दोनों देशों के लिए एक अधिक समृद्ध और गतिशील भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।
वहीं न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इसे “पीढ़ी में एक बार होने वाला समझौता” बताया। उन्होंने कहा कि इस एफटीए से न्यूजीलैंड के निर्यातकों को भारत जैसे 1.4 अरब आबादी वाले बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी, जिससे रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार यह समझौता भारत के वैश्विक व्यापार विस्तार और आर्थिक कूटनीति को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।