उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक भावुक और अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
जिले के कपकोट क्षेत्र के फरसाली वल्ली तिलघर गांव निवासी 89 वर्षीय पूर्व सैनिक केदार सिंह कोश्यारी अपनी दिवंगत पत्नी लक्ष्मी देवी की यादों को आज भी जीवित रखे हुए हैं। उन्होंने अपने घर में पत्नी की स्मृति में एक छोटा मंदिर बनवाया है, जहां उनकी आदमकद मूर्ति स्थापित की गई है।
केदार सिंह हर दिन सुबह और शाम नियमित रूप से इस मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। इतना ही नहीं, वह अपनी पत्नी की मूर्ति से बातचीत भी करते हैं, जैसे वह आज भी उनके साथ मौजूद हों।
बताया जाता है कि केदार सिंह और लक्ष्मी देवी का साथ वर्ष 1962 में शुरू हुआ था। जीवन के कई उतार-चढ़ाव, आर्थिक संघर्ष और सैन्य सेवा के दौरान दूरियां होने के बावजूद उनका रिश्ता हमेशा अटूट बना रहा। केदार सिंह सेना में सेवा देते हुए अरुणाचल प्रदेश की सीमाओं पर भी तैनात रहे।
साल 2019 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी देवी का अचानक निधन हो गया, जिससे केदार सिंह को गहरा आघात लगा। लेकिन उन्होंने अपने प्रेम को यादों में जीवित रखने का निर्णय लिया और वर्ष 2020 में पत्नी की आदमकद मूर्ति बनवाकर घर में स्थापित कर दी।
आज भी वह उसी श्रद्धा और भाव से पत्नी की पूजा करते हैं। उनकी दिनचर्या में आरती करना, उनसे बातें करना और उनके साथ समय बिताना शामिल है।
संतान न होने के बावजूद केदार सिंह अपने भाई के परिवार के साथ रहते हैं, लेकिन उनके जीवन का सबसे बड़ा सहारा आज भी उनकी पत्नी की यादें ही हैं।



Admin






