देहरादून, उत्तराखंड।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 28 मई से 30 मई तक उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पार्टी संगठन ने उनके स्वागत और विभिन्न बैठकों की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भाजपा के राज्य कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नितिन नबीन 28 मई की शाम 4 बजकर 35 मिनट पर जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक करीब 25 से अधिक स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट से निकलने के बाद नितिन नबीन सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठनात्मक विस्तार और राज्य में पार्टी गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा नेताओं के अनुसार, इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, संगठन की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी इस दौरान तय की जा सकती है।
देहरादून दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी सख्त किया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्वागत कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा उत्तराखंड भाजपा संगठन को नई ऊर्जा देने वाला साबित हो सकता है।



Admin





