कठुआ में पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर कलियर क्षेत्र में तड़के छापा, ट्रांजिट रिमांड पर युवती को साथ ले गई पुलिस
उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र से एक बड़ा मामला सामने आया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े मामले में कलियर क्षेत्र के आसफनगर गांव की एक युवती को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बुधवार तड़के स्थानीय पुलिस की मदद से की गई।
जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक युवक को हिरासत में लिया गया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि आरोपी पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन में शामिल था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रुड़की के ग्राम आसफनगर निवासी युवती का नाम उजागर किया।
इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर कोतवाली पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त टीम बनाकर बुधवार सुबह आसफनगर गांव में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को युवती की पहचान सुनिश्चित करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान होने के बाद युवती को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार, मामले में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जांच की जा रही है। हालांकि छापेमारी के दौरान मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई। पुलिस अब डिजिटल ट्रांजेक्शन, बैंक खातों और संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई है।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हुए हैं और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं।



Admin





