kotha
post authorAdmin 28 May 2026

तीन महीने से वेतन नहीं, पर्यावरण मित्रों का फूटा गुस्सा — आज से कार्य बहिष्कार की चेतावनी.

तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर भड़के पर्यावरण मित्र, आज से कार्य बहिष्कार का ऐलान

 

ऋषिकेश क्षेत्र के नगर पंचायत स्वर्गाश्रम-जौंक में तैनात पर्यावरण मित्रों ने तीन महीने से वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में निकाय प्रशासन के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अपनी विभिन्न मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे पर्यावरण मित्रों ने कहा कि लगातार तीन माह से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है, जबकि दूसरी ओर चारधाम यात्रा के चलते कार्य का दबाव कई गुना बढ़ चुका है।

कर्मचारियों का कहना है कि यात्रा सीजन में सफाई व्यवस्था बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। कई बार प्रशासन को समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आक्रोशित पर्यावरण मित्रों ने नगर पंचायत प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 28 मई से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि आंदोलन तेज होने पर चारधाम यात्रा के दौरान सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने वेतन भुगतान, कार्य परिस्थितियों में सुधार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।