देहरादून।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उत्तराखंड पहुंचे हैं। लगातार हो रहे इन शीर्ष नेताओं के दौरे को भाजपा की मिशन 2027 की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
भाजपा के लिए उत्तराखंड एक महत्वपूर्ण राज्य है और पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। इसी उद्देश्य से संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रियता बढ़ाई गई है।
पिछले वर्ष नवंबर में राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंचे थे। इसके बाद फरवरी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
मार्च माह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके बाद 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे परियोजना का उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी राज्य में चल रही और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की जानकारी साझा की थी।
अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे हैं। उनके कार्यक्रम में भाजपा कोर कमेटी, मंत्रिमंडल के सदस्यों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठकों के अलावा बूथ स्तर तक संगठन की समीक्षा शामिल है। माना जा रहा है कि वे कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति का संदेश देंगे।
भाजपा वर्तमान में अपने "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" अभियान पर विशेष जोर दे रही है। पार्टी बूथ स्तर की कमजोरियों को दूर करने और अपने मजबूत संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ करने में जुटी हुई है।
इधर हाल के महीनों में प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार भी किया गया है। इसके साथ ही लगभग 80 नए दायित्वधारियों की नियुक्ति कर संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा संगठनात्मक मजबूती और शीर्ष नेतृत्व की सक्रियता के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत आधार तैयार कर रही है।




Admin





