kotha
post authorAdmin 29 May 2026

ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: भद्रकाली के पास अनियंत्रित ट्रक 20 मीटर नीचे गिरा, झोपड़ी पर गिरे डिवाइडर, महिला समेत दो की मौत.

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के समीप एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक और सड़क किनारे झोपड़ी में रह रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था और नियंत्रण खोने के बाद सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। दुर्घटना के दौरान सड़क किनारे लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर ट्रक के साथ नीचे की ओर जा गिरे।

दुर्भाग्यवश ये डिवाइडर सड़क के बाईं ओर स्थित एक झोपड़ी पर जा गिरे, जहां 42 वर्षीय कौशल्या पत्नी सुरेश निवासिनी बावाड़ी, शिवपुरी रह रही थीं। डिवाइडर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं ट्रक चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर (हरिद्वार) की भी दुर्घटना में जान चली गई। बताया जा रहा है कि चालक ट्रक की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए एसडीआरएफ ने डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक को भी टीम के पहुंचने से पहले अस्पताल ले जाया गया था।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Truck and dumper accident near Rishikesh Bhadrakali intersection driver and woman killed

                             हादसा - फोटो : एसडीआरएफ