kotha
post authorAdmin 29 May 2026

बकरीद पर रुड़की के गांव में हिंसक झड़प, सिपाही की नाक की हड्डी टूटी, दो लोग हिरासत में.

हरिद्वार/रुड़की। हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र स्थित कोटवाल आलमपुर गांव में बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर कुर्बानी के अवशेष हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईद की नमाज और कुर्बानी की रस्म पूरी होने के बाद गांव के एक मार्ग पर कुर्बानी के अवशेष पड़े हुए थे। इन्हें हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भय का वातावरण पैदा हो गया।

सूचना मिलने पर लखनौता पुलिस चौकी की चेतक मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। टीम में तैनात कांस्टेबल हरेंद्र कुमार और होमगार्ड चुन्नीलाल ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ के उग्र होने पर पुलिसकर्मी भी झड़प की चपेट में आ गए।

पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल हरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनकी नाक की हड्डी टूट गई। वहीं होमगार्ड चुन्नीलाल की वर्दी फट गई। घटना में शौकीन, सरफराज, शमा परवीन और दानिश समेत कुल पांच लोग घायल बताए गए हैं।

घायलों को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना प्रभारी विजय सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

मंगलौर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभिनय चौधरी ने बताया कि झगड़ा शांत कराने के दौरान एक कांस्टेबल घायल हुआ है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है। मामले की जांच जारी है तथा सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।