वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘गंगोत्री से गंगासागर’ योग अभियान के तहत मंगलवार, 17 जून को काशी के प्रसिद्ध रविदास घाट पर भव्य योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गंगा तट पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हजारों स्थानीय नागरिकों, योग साधकों, युवाओं, महिलाओं तथा गंगा किनारे रहने वाले लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश दिया।
यह अभियान मां गंगा के उद्गम स्थल गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में योगासन, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विशेष बल दिया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘गंगोत्री से गंगासागर’ योग यात्रा गंगा के पूरे प्रवाह क्षेत्र में लोगों को योग से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय, राष्ट्रीय आयुष मिशन और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के संयुक्त सहयोग से यह अभियान विश्व योग दिवस से पूर्व एक सप्ताह तक चलाया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि नदी किनारों, गांवों के अमृत सरोवरों, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और सार्वजनिक पार्कों तक योग की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को योग से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है और यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।
आयुष विभाग की महानिदेशक चैत्रवी ने बताया कि इस श्रृंखला की शुरुआत 14 जून को गंगोत्री से हुई थी। इसके बाद ऋषिकेश, हरिद्वार और प्रयागराज में कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा अब वाराणसी में इसका आयोजन किया गया है।
उन्होंने इस वर्ष की अंतरराष्ट्रीय योग दिवस थीम “Yoga for Healthy Aging” का उल्लेख करते हुए कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर योगाभ्यास का विशेष महत्व है और ‘करें योग, रहें निरोग’ का संदेश देशभर में पहुंचाया जा रहा है।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



Admin





