kotha
post authorAdmin 22 Apr 2026

केदारनाथ धाम के कपाट खुले, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की पूजा; ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच यात्रा शुरू.

उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम में आज सुबह शुभ मुहूर्त में कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। सुबह लगभग 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कपाट खोले गए, जिसके साथ ही पूरा धाम ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयघोष से गूंज उठा।

इस ऐतिहासिक और पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से धाम पहुंचे थे। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण बन गया।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और राज्य तथा देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस वर्ष केदारनाथ मंदिर को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर की सुंदरता और दिव्यता ने हर किसी को भाव-विभोर कर दिया।

कपाट खुलने से एक दिन पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होकर 17 किलोमीटर की कठिन यात्रा तय करते हुए केदारपुरी पहुंची। यह डोली जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए धाम पहुंची।

धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए हैं।