kotha
post authorAdmin 23 Apr 2026

उत्तराखंड: बदरीनाथ-केदारनाथ में विशेष पूजा पर रोक, अब सभी श्रद्धालु करेंगे सामान्य दर्शन.

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही एक बड़ा फैसला सामने आया है।

बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा (वीआईपी पूजा) पर रोक लगा दी गई है, जिससे अब सभी श्रद्धालु समान रूप से सामान्य दर्शन कर सकेंगे।

आज बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधिवत रूप से खोल दिए गए। कपाट खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और पहले ही दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

बीकेटीसी (बदरी-केदार मंदिर समिति) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि इस बार व्यवस्था में बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा कि धामों में विशेष पूजा की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है ताकि सभी भक्तों को समान अवसर मिल सके और दर्शन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बने।

धार्मिक परंपरा के अनुसार, धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई, वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बदरी विशाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

पहले ही दिन करीब 38 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचे, जिनमें से कई को 10 से 12 घंटे तक लाइन में लगकर दर्शन करना पड़ा। प्रशासन के लिए यह भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारधाम यात्रा के शुभारंभ पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए तीर्थयात्रियों से पांच संकल्प अपनाने की अपील की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति और एकता का प्रतीक है।