kotha
post authorAdmin 23 Apr 2026

देहरादून: रक्षा अनुसंधान विद्यालय के डीएवी में मर्ज होने पर हंगामा, अभिभावकों और छात्रों का विरोध प्रदर्शन.

देहरादून के सुंदरवाला, विज्ञान विहार क्षेत्र स्थित रक्षा अनुसंधान विद्यालय में अचानक हुए प्रबंधन परिवर्तन को लेकर छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराज़गी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार विद्यालय को डीएवी पब्लिक स्कूल में मर्ज कर दिया गया है, जिसके बाद देर रात प्रबंधन बदलाव लागू कर दिया गया।

इस फैसले की जानकारी मिलते ही अभिभावकों ने स्कूल परिसर में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के इतना बड़ा निर्णय लिया गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई और अभिभावकों की आर्थिक योजना प्रभावित हुई है।

अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र के लिए पहले ही बच्चों की किताबें और यूनिफॉर्म खरीद ली थीं, लेकिन अब नए प्रबंधन के तहत इन्हें बदलने के लिए कहा जा रहा है। इसके साथ ही फीस संरचना में भी बदलाव किया जा रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।

विरोध के दौरान छात्रों ने भी गेट पर लगे डीएवी पब्लिक स्कूल के बैनर और पोस्टर फाड़ दिए और अपने आक्रोश का प्रदर्शन किया।

अभिभावकों ने मांग की है कि प्रबंधन इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और छात्रों के हित में स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराए।