देहरादून में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में विधानसभा के निकट एक दिवसीय विशाल धरना आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
धरने के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार महिलाओं के आरक्षण को लेकर जनता को भ्रमित कर रही है। उनका आरोप था कि महिला आरक्षण के मुद्दे को परिसीमन से जोड़कर अनावश्यक रूप से जटिल बनाया गया है।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण के पक्ष में रही है और आगे भी मजबूती से इसका समर्थन करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया को स्पष्ट कर जल्द संसद सत्र बुलाकर महिला आरक्षण बिल पारित किया जाए।
हरीश रावत ने यह भी कहा कि कांग्रेस की मांग है कि वर्ष 2027 से विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा की वर्तमान सीट संख्या के आधार पर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में पंचायत स्तर पर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण की शुरुआत की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे देश में दिखाई दे रहे हैं।
धरने में यह भी आरोप लगाया गया कि सत्तारूढ़ दल ने महिला आरक्षण के मुद्दे को उलझाकर इसके क्रियान्वयन में देरी की है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती है, तो बिना देरी के आरक्षण लागू किया जाना चाहिए।



Admin






