kotha
post authorabhishek 06 Jul 2022 898

मंगलवार रात से जारी बारिश से नदी नाले उफान पर आ गए हैं.

देहरादून -  मंगलवार रात से जारी बारिश से नदी नाले उफान पर आ गए हैं। सड़कें मलबे से पटी हैं। जबकि कई घरों में पानी घुसने से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया। प्रदेश में कई जगह सड़कें बंद होने से आवाजाही भी ठप हो गई है। केदारनाथ हाइवे सुचारू है, लेकिन बदरीनाथ हाइवे सिरोहबगड़ में बंद है। वहीं यमुनोत्री हाईवे को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। दूसरी ओर जौनपुर ब्लॉक के अगलाड़-थत्यूड़ मोटर मार्ग पर करखेत के समीप एक कार के ऊपर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि तीन लोग लोग घायल हो गए। गाड़ी में सवार सभी स्थानीय लोग थे। वहीं उत्तरकाशी नौगांव में मंगलवार रात को हुई तेज बारिश से सौली खड्ड और देवलसारी खड्ड में आए पानी और मलबे से भारी नुकसान हुआ है। सौली खड्ड के उफान में एक बाइक बह गई। जबकि एक पिकअप मलबे में दब गया। वहीं देवलसारी खड्ड के उफान में एक पिकअप, मिक्सचर मशीन और हैंडपंप मलबे में दब गया।

यमुनोत्री हाइवे के समीप जनक सिंह के आवासीय भवन के आगे का हिस्सा धंसने से यहां परिवार में खौफ है। डर के कारण किरायेदार और भवन स्वामी ने रात को ही मकान खाली कर दिया। राजस्व विभाग की टीम  मौके पर पहुंची है।नौगांव उत्तरकाशी में बारिश से घर से आगे का हिस्सा धंसा।उत्तरकाशी में बरसाती गदेरे उफान पर आने से कृषि भूमि का कटाव हुआ है। मलबा आने से मोरी त्यणी, मोरी नैटवाड सांकरी,आराकोट चीवा मोटर मार्ग पर यातायात अवरुद्ध है। तहसीलदार चमन सिंह ने बताया कि इन मार्गों से मलबा हटाने का कार्य गतिमान है।श्रीनगर में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे बदरीनाथ हाईवे अलग-अलग जगहों पर अवरुद्ध है। श्रीनगर से सात किलोमीटर रुद्रप्रयाग की ओर चमधार में मलबा आने से हाईवे बंद हो गया।वाहनों को श्रीनगर से खिर्सू -खेडाखाल मोटर मार्ग पर डाइवर्ट किया गया है। उधर, जाख- डोबरा-चांटी मोटर मार्ग सिराई गांव के समीप बाधित हो गया है। यहां सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आया हैl जनपद रुद्रप्रयाग के मयाली घनसाली मार्ग पर बुरांशकांठा पुल, भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग पर अन्य स्थानों पर भी मलबा आने से मार्ग बुरांशकांठा के समीप पूर्णतया बाधित हो चुका है। तिलवाड़ा व मयाली से इस मार्ग पर जाने वाले वाहनों को सुरक्षित स्थानो पर रोका जा रहा है। यमुनोत्री हाईवे के पास लगातार गिर रहे बोल्डर से लोग भयभीत हैं। इधर नगर पालिका क्षेत्र में नालियां बंद होने से सड़कों पर जलभराव हो गया है।