देहरादून - विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय सुब्रोतो कप फुटबाल प्रतियोगिता में शनिवार को बालक अंडर-14 वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला गया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज व पौड़ी के टीम के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ने पौड़ी की टीम को 3-0 से हराकर का खिताब अपने नाम कर लिया।पवेलियन मैदान में चल रही प्रतियोगिता में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून और पौड़ी के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई मूव बनाए, लेकिन किसी को भी गोल करने में सफलता नहीं मिली।
मध्यांतर के बाद स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों ने तेज खेलते हुए दबदबा बना लिया। 34वें मिनट में स्पोर्ट्स कालेज के फारवर्ड राहुल बोरा ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 49वें मिनट में अशोक ने गोल दागकर बढ़त को 2-0 कर दिया। 52वें मिनट में राहुल बोरा ने गोल कर स्पोर्ट्स कॉलेज को 3-0 से जीत दिला दी। वहीं, बालक अंडर-17 वर्ग के पहले मैच में पिथौरागढ़ ने हरिद्वार को 6-1 से हराया। पिथौरागढ़ के लिए संजय मेहरा ने तीन, लवराज, तेजस व कुणाल ने 1-1 गोल किए। दूसरे मैच में देहरादून ने चंपावत को 12-0 से करारी शिकस्त दी। देहरादून के तुषार रतूड़ी, विवेक चौधरी, सिद्धार्थ रावत व सागर बहादुर ने दो-दो, आयुष, सागर, पुष्कर व आदित्य ने एक-एक गोल किया। तीसरे मैच में नैनीताल ने पौड़ी को 5-0 से हराया। नैनीताल के तनिष शर्मा ने तीन, अभिषेक व रोहित ने एक-एक गोल दागा। इसके अलावा देहरादून ने हरिद्वार को 7-0 और पिथौरागढ़ ने चंपावत को 2-0 से हराया। जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक सुदर्शन सिंह बिष्ट ने अंडर-14 वर्ग की विजेता-उपविजेता टीमों को मेडल व ट्राफी प्रदान की।



abhishek






