kotha
post authorabhishek 18 Apr 2022 936

लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे देश के अगले थल सेना प्रमुख होंगे.

नई दिल्ली - लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे देश के अगले थल सेना प्रमुख होंगे। केंद्र सरकार ने नए सेनाध्यक्ष के तौर पर उनकी नियुक्ति के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। वह इसी महीने 30 अप्रैल को रिटायर हो रहे सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की जगह एक मई को भारतीय सेना की कमान संभालेंगे। कई विशेष सैन्य आपरेशनों में हिस्सा ले चुके लेफ्टिनेंट जनरल पांडे इस समय देश के उप सेना प्रमुख हैं।सरकार ने नए सेनाध्यक्ष की नियुक्ति में इस बार वरिष्ठता की कसौटी का पालन करना मुनासिब समझा है और लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे वर्तमान शीर्षस्थ अधिकारियों में सबसे वरिष्ठ हैं।उप सेना प्रमुख बनने से पहले लेफ्टिनेंट जनरल पांडे पूर्वी कमान के कमांडिंग आफिसर और अंडमान-निकोबार कमान के कमांडर इन चीफ का पद भी संभाल चुके हैं। सेना के काबिल अफसरों में शुमार किए जाने वाले पांडे सेना में अपनी सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल आदि से सम्मानित किए जा चुके हैं।पांडे ने नेशनल डिफेंस एकेडमी और इंडियन मिलिट्री एकेडमी के जरिये 1982 में का‌र्प्स आफ इंजीनियर में बतौर सेना अधिकारी कमीशन हासिल किया था। वह ब्रिटेन के कैमबर्ले के स्टाफ कालेज का भी हिस्सा रहे और संयुक्त राष्ट्र के कई शांति मिशनों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।