प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता के दौरान ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन अपने स्वागत से काफी गदगद दिखे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि उन्हें ऐसा भव्य स्वागत देखकर महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन जैसा फील हुआ। दरअसल भारत दौरे पर आए ब्रिटिश पीएम ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रक्षा, व्यापार और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और विस्तार देने के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं और अहमदाबाद पहुंचने पर उनके गर्मजोशी भरे स्वागत पर खुशी जताई। बोरिस जॉनसन ने कहा, "मैं पीएम नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को भव्य स्वागत के लिए धन्यवाद देता हूं। मेरे आगमन पर जब मैंने हर जगह होर्डिंग्स देखे तो मुझे सचिन तेंदुलकर और अमिताभ बच्चन की तरह महसूस हुआ।" बोरिस जॉनसन के भारत आने पर उनके रास्ते के चारो ओर भारत-ब्रिटेन की दोस्ती के प्रतीकों के कई होर्डिंग्स लगाए थे। गुजरातियों ने हाथ में तिरंगा और वेलकम टू इंडिया की होर्डिंग लेकर जॉनसन का स्वागत किया।



abhishek






