प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को जम्मू कश्मीर में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगेl जिसमें केंद्र शासित प्रदेश के दोनों क्षेत्रों के बीच हर बारहमासी संपर्क स्थापित करने के लिए बनिहाल-काजीगुंड सड़क सुरंग का उद्घाटन भी शामिल है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि पीएम मोदी राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह में भाग लेने और देश भर की 'ग्राम सभाओं' को संबोधित करने के लिए वहां जा रहे हैं। वह सांबा जिले की पल्ली पंचायत का भी दौरा करेंगे। पीएमओ के मुताबिक, देश के हर जिले में 75 जलाशयों के विकास और पुनर्जीवन के प्रयास के तहत प्रधानमंत्री 'अमृत सरोवर' नाम से एक नयी पहल शुरू करेंगे।
पीएमओ ने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है या जिनकी आधारशिला रखी जाएगी, वे बुनियादी सुविधाओं को सुविधाजनक बनाने, आवाजाही में सुगमता और क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास को सुनिश्चित करने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 3,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी बनिहाल-काजीगुंड सड़क सुरंग का उद्घाटन करेंगे। 8.45 किलोमीटर लंबी सुरंग बनिहाल और काजीगुंड के बीच सड़क की दूरी को 16 किलोमीटर कम कर देगी और यात्रा के समय को लगभग डेढ़ घंटे कम कर देगी।प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे के तीन रोड पैकेज का भी शिलान्यास करेंगे, जिस पर करीब 7,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। साथ ही जम्मू-कश्मीर में 'जन औषधि केंद्रों' के नेटवर्क का और विस्तार करने और कम कीमतों पर अच्छी गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 100 केंद्रों का उद्घाटन किया जाएगा। ये केंद्र शासित प्रदेश के सुदूर कोनों में स्थित हैं।



abhishek






