kotha
post authorabhishek 21 Apr 2022 904

मौसम विभाग के मुताबिक शहर में दिन में धूल भरी आंधी चलने के साथ ही बादल छाने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान है.

दिल्ली -  राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह बादल छाए रहने और हवा चलने के साथ ही मौसम सुहावना रहा। हालांकि, शहर में इस महीने का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में दिन में धूल भरी आंधी चलने के साथ ही बादल छाने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदा-बांदी के साथ आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। उत्तर भारत में इन दिनों जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा आदि जैसे राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, आज कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। कुछ राज्यों में बारिश के आसार जताए गए हैं।मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। 

गुजरात के अहमदाबाद में आज का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। मध्य प्रदेश की बात करें तो भोपाल में आज का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहेगा।वहीं स्काईमेट वेदर के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। आज (बृहस्पतिवार) गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय इलाकों में तेज गर्जना के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को बारिश-बर्फबारी को लेकर जारी येलो अलर्ट बेअसर साबित हुआ। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गुरुवार और शुक्रवार को भी कई जिलों में बारिश और अंधड़ की चेतावनी जारी की है।